MP News: मध्यप्रदेश के मंदसौर से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। जिसमें एक शख्स अंतिम यात्रा में डीजे और बैंडबाजे पर डांस करता दिखाई दे रहा है। यह अनोखा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसकी असली वजह जानने को बेताब हैं।
शव यात्रा में क्यों हुआ डांस
दरअसल, मंदसौर जिले के जवासिया गांव के रहने वाले सोहनलाल जैन का 29 जुलाई को निधन हो गया। लेकिन यह डांस उनकी अंतिम इच्छा थी। साल 2021 में उन्होंने अपने दो खास दोस्तों अंबालाल प्रजापत और शंकरलाल पाटीदार को एक पत्र लिखा था, जिसमें उन्होंने अपनी अंतिम विदाई के अनोखे तरीके की इच्छा जाहिर की थी।
सोहनलाल ने पत्र में क्या लिखा था
सोहनलाल जैन ने अपने पत्र में लिखा थाश्री अंबालाल जी प्रजापत को मैं सोहन लाल जैन का अंतिम बार का रामराम। अपने साथ वालों को भी मेरा अंतिम राम-राम बोल देना। विशेष शुभ समाचार यही है कि मैं कागज लिखकर दे रहा हूं कि जब मैं इस दुनिया में ना रहूं तब तुम मेरी अंतिम शव यात्रा में शामिल होकर मेरी अर्थी के आगे नाचते-कूदते मुझे विदा करना। कोई रोना-धोना ना करना। खुशी-खुशी मुझे विदा करना। श्रीमान अंबालाल जी प्रजापत व शंकरलाल जी पाटीदार आप दोनों मिलकर नाचते-कूदते मुझे अंतिम विदाई देना। मनुष्य जीवन में जब से आप और मैं साथ-साथ रहे यदि मुझसे जाने-अनजाने में कभी कोई गलती हुई हो तो कृपया मुझे क्षमा करना।”
दोस्त ने निभाया वादा
सोहनलाल की इसी अंतिम इच्छा का सम्मान करते हुए उनके मित्र अंबालाल प्रजापत ने 30 जुलाई को निकली शव यात्रा में डीजे और बैंडबाजे के साथ नाचते हुए उन्हें अंतिम विदाई दी। इस पल को देखकर हर कोई भावुक हो गया।यह घटना दोस्ती की मिसाल बन गई है। सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को देखकर भावुक हो रहे हैं और एक सच्ची दोस्ती को सलाम कर रहे हैं।



