Breaking News: हरिद्वार के प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर में आज सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। भारी भीड़ के चलते मंदिर में भगदड़ मच गई, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई जबकि 29 से ज्यादा श्रद्धालु घायल हो गए।पुलिस के अनुसार, किसी ने मंदिर परिसर में करंट फैलने की अफवाह फैला दी थी। इसी वजह से श्रद्धालुओं के बीच अफरातफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे, जिससे भगदड़ की स्थिति बन गई।
हादसा सुबह 9:15 से 9:30 बजे के बीच हुआ
यह हादसा आज सुबह लगभग 9:15 से 9:30 बजे के बीच हुआ। मंदिर में सावन महीने और हरियाली तीज के पर्व के चलते भारी भीड़ उमड़ी थी।
6 श्रद्धालुओं की मौत, 29 घायल
एसएसपी परमेंद्र सिंह डोबाल ने जानकारी दी कि हादसे में 35 लोग घायल हुए, जिनमें से छह की इलाज के दौरान मौत हो गई। बाकी घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर शिवालिक पहाड़ियों के बिल्व पर्वत पर स्थित है और यह हर की पौड़ी से लगभग 3 किलोमीटर दूर है। श्रद्धालु इस मंदिर तक 1.5 किलोमीटर की चढ़ाई करके या रोपवे से पहुंचते हैं।
पुजारी और चश्मदीदों ने बताए हादसे के कारण
मंदिर के पुजारी उज्ज्वल पंडित ने बताया कि हादसे का एक कारण मंदिर की चारदीवारी भी हो सकता है। मरने वालों में एक बुजुर्ग और एक बच्चा भी शामिल हैं। चश्मदीदों ने बताया कि लोग सीढ़ियों पर एक-दूसरे के ऊपर गिरते चले गए।सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि कावड़ यात्रा के बाद मंदिर में इतनी भीड़ उमड़ने के बावजूद प्रशासन की ओर से भीड़ नियंत्रण की पर्याप्त व्यवस्था क्यों नहीं की गई?
अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की मांग
अगर किसी ने करंट फैलने की अफवाह फैलाई तो उस अफवाह फैलाने वाले की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की जाती है, साथ ही मृतकों की आत्मा को शांति और उनके परिजनों को हिम्मत देने की प्रार्थना है।
पुरी की रथयात्रा में भी हुआ था ऐसा ही हादसा
हाल ही में उड़ीसा के पुरी में भी जगन्नाथ रथयात्रा के दौरान भगदड़ में तीन लोगों की मौत हुई थी। सावन महीने में ऐसे आयोजन स्थलों पर सतर्कता और सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।



